हरियाणा में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के वजह से हरियाणा के कई शहरों में सुबह से तेज हवा चल रही है। इससे कुछ जगह से कोहरा हट गया है। हालांकि सोनीपत के आसपास के इलाकों में कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई है।
हरियाणा में सबसे ठंडा सोनीपत दर्ज किया गया है। इस इलाके में न्यूनतम तापमान 5.9 दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को हरियाणा के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान में फिर से गिरावट पर दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने रविवार से फिर घने कोहरे की चेतावनी दर्ज की है।
उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार रात सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार दोपहर को बारिश हुई। हल्की बारिश के बाद तामपान में गिरावट आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ जगह ओलावृष्टि हो सकती है। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार रात सक्रिय हुए एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राजस्थान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जिसे अरब सागर से नमी मिल रही है। फिलहाल यह विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों और फिर मध्य व पूर्वी जिलों के 50 प्रतिशत हिस्साें में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की गतिविधियों की संभावना बन रही है। इस विक्षोभ से प्रदेश के उत्तरी जिलों में बादल छाने व बिखराव वाली बूंदाबांदी हो सकती है। इस विक्षोभ का असर 11 व 12 जनवरी को रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आएगी। कोहरा छाने और शीत दिवस की स्थिति देखने को मिलेगी।
कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी, जिसमें हिसार, नारनौल व रोहतक आदि शामिल रहे। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आई और यह सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे पहुंच गया। वहीं औसत न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह सामान्य के बराबर रहा।