आर्य गर्ल्ज कॉलेज, अम्बाला छावनी के एन.एस.एस., एन.सी.सी. यूनिट एवं शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा सूर्य नमस्कार पर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में अपने पारम्परिक योग के प्रति जागरूकता लाना है। इस कार्यशाला में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता ने छात्राओं को सूर्य नमस्कार के प्रारम्भिक आसन करवाए और उनकी जानकारी दी। इसे करने के विभिन्न लाभों के बारे में भी छात्राओं से विचार सांझे किए। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है। इसके साथ-साथ ये बेहतरीन कोर्डियो वासुक्लर वर्कआउट है जो हृदय रोगों को दूर करता है। ध्यान की शक्ति में बढ़ोतरी होती है जो छात्राओं की शिक्षा ग्रहण करने में मददगार सिद्ध होता है और सम्पूर्ण विकास में भी लाभकारी है। प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य ने भी इस कार्यशाला में भाग लिया और छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार हमारी प्राचीन संस्कृति की देन और युवा वर्ग के सम्पूर्ण विकास में लाभकारी है। उन्होंने प्रतिदिन 10 मिनट सूर्य नमस्कार करने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। इस कार्यशाला में कॉमर्स विभाग से प्रो. रंजू, प्रो. सिल्वी भी उपस्थित रहीं। इस कार्यशाला का सफल आयोजन डॉ. अमनदीप मक्कड़, डॉ. अमनीत कौर, डॉ. सरिता और डॉ. पंकज की देखरेख में हुआ।