अम्बाला, 15 मई 2025:
अम्बाला में आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में थाना महेशनगर में दर्ज मारपीट और हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान परमीत उर्फ मींह निवासी रामनगर, थाना महेशनगर के रूप में हुई है।
सीआईए-2 अम्बाला की पुलिस टीम ने निरीक्षक महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ़्तार किया और माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
क्या है मामला
यह मामला 24 फरवरी 2025 को उस समय सामने आया जब बब्याल निवासी अमित ने थाना महेशनगर में शिकायत दर्ज करवाई कि गांव बब्याल में सुमित व अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मौके पर हवाई फायर करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच की ज़िम्मेदारी सीआईए-2 अम्बाला को सौंपी, जिसके तहत पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब एक अन्य की गिरफ्तारी हुई है।
कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क
जहां एक ओर अम्बाला में अपराध के मामले चिंता का विषय बन रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से अभियान चलाया जा रहा है।