
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर आज एक बार फिर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रेन के लगातार लेट होने से नाराज़ यात्रियों ने इस बार वंदे भारत एक्सप्रेस 22447 के आगे ट्रैक पर उतर कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते वंदे भारत को काफी देर तक अंबाला छावनी स्टेशन पर रोके रखा गया।
यात्रियों का कहना था कि ट्रेन नंबर 64563, जो पहले सुबह 7:40 बजे अंबाला से चंडीगढ़ के लिए रवाना होती थी, अब रूट बदले जाने के बाद रायपुर हरियाणा से चल रही है। इससे यह ट्रेन अंबाला पहुंचते-पहुंचते रोजाना 15-20 मिनट लेट हो जाती है। आज तो हद हो गई जब यह ट्रेन 3 घंटे की देरी से पहुंची।
हजारों यात्री अंबाला से चंडीगढ़ नौकरी के लिए रोजाना सफर करते हैं। ट्रेन के बार-बार लेट होने के कारण उन्हें समय पर ऑफिस पहुंचने में परेशानी होती है। कई यात्री पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के लिए भी इसी ट्रेन पर निर्भर हैं। सुबह 7:30 बजे के आस-पास चंडीगढ़ के लिए और कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है।
आज के प्रदर्शन के दौरान जब स्थिति बिगड़ती दिखी, तो रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को आश्वासन दिया कि ट्रेन संचालन में सुधार किया जाएगा। इसके बाद यात्रियों ने प्रदर्शन समाप्त किया और वंदे भारत ट्रेन को सुबह 8 बजकर 18 मिनट पर रवाना किया गया।