अम्बाला: विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर बड़ी रकम हड़पने व पासपोर्ट वापस न करने के गंभीर मामले में आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने अहम सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 29 मई 2025 को निरीक्षक परमवीर की अगुवाई में की गई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी राष्ट्र सम्राट, जो राम किशन कॉलोनी अम्बाला छावनी का निवासी है और वर्तमान में इकबाल गंज रोड अम्बाला छावनी में रह रहा है, को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले से जुड़े और भी पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
इस मामले में शिकायतकर्ता श्री सनप्रीत सिंह निवासी कच्चा बाजार अम्बाला छावनी ने 4 मार्च 2025 को थाना अम्बाला छावनी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, 11 सितम्बर 2023 से 3 जनवरी 2024 के बीच आरोपी राष्ट्र सम्राट व अन्य व्यक्तियों ने उसे विदेश भेजने के नाम पर बड़ी रकम ठगी और उसका पासपोर्ट वापस नहीं किया।
शिकायत के आधार पर अम्बाला छावनी थाने में मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच की जिम्मेदारी आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया, जिससे पीड़ित को न्याय मिलने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है