
अंबाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर देशभर में चल रही संकल्प सिद्ध कार्यशालाओं की कड़ी में बुधवार को अंबाला में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक विचार-विमर्श बैठक से हुई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। इसके बाद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते 11 वर्षों में सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या फिर रोजगार—हर क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार और योजनाएं लागू की गई हैं।
बडोली ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय सेवा और सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि है, जिसके तहत आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट किया गया। यह मिशन देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज पेड़ लगाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।