
अम्बाला, 10 जून 2025: थाना साहा क्षेत्र में लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकद राशि भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 जून 2025 को यशपाल निवासी गांव बीहटा, थाना साहा, जिला अम्बाला ने पुलिस को शिकायत दी कि वह बैंक ऑफ बड़ौदा से पैसे निकालकर बस स्टैंड साहा की ओर जा रहा था। उसने कुछ राशि पैंट की जेब में और 20 हजार रुपये कमीज की जेब में रखे थे। रास्ते में एक युवक ने अचानक पीछे से आकर उसके साथ मारपीट की, उसे नीचे गिराया और जबरदस्ती 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गया।
यशपाल के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। थाना उप-निरीक्षक कर्मबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सोहन लाल उर्फ सोनू निवासी गांव हरयोली, थाना साहा, जिला अम्बाला को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि लूट की इस वारदात में उसका साथी अभिषेक भी शामिल था।
इसके बाद पुलिस ने उसी दिन अभिषेक निवासी गांव हरयोली को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। थाना साहा पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
