

अम्बाला, 11 जून 2025:
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अम्बाला रेंज श्री पंकज नैन, आईपीएस ने आज अम्बाला रेंज कार्यालय में जिला के प्रमुख कपड़ा व्यापारियों, राइस मिल मालिकों तथा विभिन्न कारोबारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी सुरक्षा व ट्रैफिक संबंधी समस्याओं पर विचार-विमर्श कर समाधान निकालना रहा।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लगने वाले ट्रैफिक जाम, सीसीटीवी कैमरों की कमी और दुकानों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखीं। व्यापारियों ने हर प्रमुख चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की ताकि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
आईजी श्री पंकज नैन ने व्यापारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दुकानों की सुरक्षा के लिए बाजारों में पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए। उन्होंने बताया कि व्यापारिक क्षेत्रों में पुलिस उपस्थिति से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और व्यापारी वर्ग को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए आईजी ने व्यापारियों को जागरूक रहने और समय-समय पर साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचित करने को कहा।
बैठक में व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच सहयोग की भावना देखने को मिली। बैठक को सभी ने एक सकारात्मक पहल बताया जो न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएगी बल्कि व्यापारिक वातावरण को भी बेहतर करने में सहायक सिद्ध होगी।
