

अंबाला शहर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला के सभी प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, भाजपा विधानसभा संयोजक रितेश गोयल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

सांसद बराला ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर जोर देते हुए सभी नागरिकों से रोजाना योग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग को अपनाकर हम स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जी सकते हैं। इसके साथ ही बराला ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का चरित्र पूरा हरियाणा जानता है, उनकी बैठकों में विवाद होना कोई नई बात नहीं है। विपक्ष का काम केवल बोलना है, जबकि हमारी सरकार और पुलिस प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए हुए हैं।”

इस मौके पर डीसी ने भी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी के लिए सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला आयुर्वेदिक अधिकारी द्वारा सांसद को पौधा भेंट कर की गई।
