
अम्बाला पुलिस की सतर्कता से सामने आई बड़ी साइबर धोखाधड़ी, आरोपी से 40 हजार की नकदी बरामद
अम्बाला, 25 जून 2025 –
ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 7 लाख 55 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को अम्बाला साइबर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई साइबर पुलिस अम्बाला के उप-निरीक्षक बलवान सिंह व उनकी टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों की सहायता से की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राम बचन, निवासी झिंगुर पट्टी, पोस्ट ऑफिस मारकिनगंज, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) है। आरोपी को 24 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
मामला तब सामने आया जब गोबिन्द नगर अम्बाला निवासी श्री रजत ने 23 मई 2025 को साइबर थाना अम्बाला में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार, 8 अप्रैल से 12 मई 2025 के बीच अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे लाभ का लालच देकर उससे कुल 7.55 लाख रुपये की ठगी की।
जांच के दौरान पता चला कि ठगी की कुल रकम में से 4.55 लाख रुपये सीधे आरोपी राम बचन के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया।
साइबर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस की अपील
अम्बाला पुलिस आम जनता से अपील करती है कि वे किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना या ज्यादा लाभ देने के दावों से सतर्क रहें। कोई भी लेन-देन करने से पहले योजना की सच्चाई को जांच लें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में सूचना दें।
