

आर्य कॉलेज और कल्पना चावला पॉलिटेक्निक के बीच तीन वर्षीय एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर
छात्राओं को मिलेगा तकनीकी सहयोग, इंटर्नशिप और व्यवहारिक प्रशिक्षण का अवसर
अंबाला छावनी स्थित आर्य कॉलेज (सह-शिक्षा) और अंबाला सिटी स्थित कल्पना चावला राजकीय पॉलिटेक्निक फॉर वूमन के बीच तीन वर्षों के शैक्षणिक व तकनीकी सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए अनेक व्यावहारिक अवसरों के द्वार खोलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आर्य कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अनुपमा आर्य ने बताया कि इस एम.ओ.यू. के अंतर्गत इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, पाठ्यक्रम विकास, औद्योगिक भ्रमण, विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रयोगशालाओं का उन्नयन और संयुक्त कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास हमेशा यही रहा है कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाए। यह सहयोग विद्यार्थियों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा।”
इस अवसर पर कल्पना चावला राजकीय पॉलिटेक्निक की ओर से डॉ. मोनिका (टी.पी.ओ.) और डॉ. बाबू राम ललका (एच.ओ.डी., पुस्तकालय विभाग) उपस्थित रहे, जिनका डॉ. अनुपमा आर्य द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया।
पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. प्रिया शर्मा ने सभी अतिथियों को पुस्तकालय का भ्रमण करवाते हुए बताया कि अब पुस्तकालय केवल अध्ययन केंद्र नहीं, बल्कि डिजिटल जानकारी और तकनीकी प्रशिक्षण का आधुनिक माध्यम बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले एम.ओ.यू. के तहत 8 छात्राओं ने सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी की है और एक छात्रा एप्रेंटिसशिप कर रही है।
इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और कैरियर उन्नयन को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
