


अंबाला छावनी: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में मंगलवार को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और बम स्क्वॉड टीम ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन के हर कोने को खंगाला गया और यात्रियों से पूछताछ की गई।
सुबह से ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और बम स्क्वॉड टीम स्टेशन पर पहुंची। सबसे पहले प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों में प्रवेश कर यात्रियों के टिकट, पहचान पत्र और उनके सामान की बारीकी से जांच की गई। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की पहचान के लिए विशेष स्कैनर और मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया गया।
इसके बाद टीम ने स्टेशन परिसर, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट घर, फुट ओवर ब्रिज और शौचालयों का निरीक्षण किया। पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों और दोपहिया-चारपहिया वाहनों के डिक्की व अंदरूनी हिस्सों की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और पूरे स्टेशन को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस तक स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी जाएगी। गश्त बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी चौबीसों घंटे की जा रही है।
रेलवे यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस कर्मी को दें।
