अम्बाला 13 अगस्त 2025: अंबाला छावनी आज पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी नज़र आई। आजादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में यहां भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा की अगुवाई हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने की। शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए यह यात्रा एक देशभक्ति के महापर्व में तब्दील हो गई, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
सुबह से ही अंबाला छावनी के प्रमुख मार्गों पर तिरंगे लहराने लगे थे और भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। यात्रा में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों का जोश देखने लायक था। हर हाथ में तिरंगा और हर चेहरे पर गर्व और उमंग झलक रही थी।
तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जहां जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। देशभक्ति के गीतों पर लोग झूमते, थिरकते और नाचते नज़र आए। पूरे शहर का माहौल मानो एक विशाल देशभक्ति समारोह में बदल गया था।
मौके पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि आजादी की 79वीं वर्षगांठ देश मना रहा है और इसी कड़ी में पार्टी द्वारा हर शहर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा, “आज अंबाला छावनी के लोगों ने देशभक्ति का जो अद्भुत नजारा पेश किया है, वह काबिले तारीफ है। देशभक्ति की ये हुंकार सुनकर बड़े-बड़े देश के दुश्मन भी डरकर भाग जाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी एकता, साहस और बलिदान की पहचान है। जब यह हवा में लहराता है तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
आज की यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का हिस्सा बनी, बल्कि इसने यह भी संदेश दिया कि देश की एकता और अखंडता सबसे ऊपर है। अंबाला छावनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां के लोगों के दिलों में देशभक्ति की लौ हमेशा प्रज्वलित रहती है।