

अंबाला, 15 अगस्त — तनेजा पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों को राष्ट्र की महत्ता और त्याग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों द्वारा विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती शालू भसीन और वंश तनेजा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने भाषण, कविता, नृत्य और भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मानवी और नमिता ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत की, जबकि अभिजोत, ईशान, वैभव और रिदम समूह ने पहलगाम पर आधारित लघु नाटिका पेश की। जसमीत, सृष्टि, समीक्षा, मानवी, मन्नत, मीना, अन्वी, रिया और अनुष्का ने वीरों को श्रद्धांजलि देते हुए समूह नृत्य प्रस्तुत किया। जश्नूर और दिव्यांशी ने क्रमश: हिंदी और अंग्रेजी में भाषण दिया। देवन, रसिका, पल्लवी और रिद्धिमा ने रानी लक्ष्मीबाई पर भावपूर्ण नाटिका के माध्यम से दर्शकों को भावुक कर दिया।
प्रधानाचार्या शालू भसीन और वंश तनेजा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने और एकता व भाईचारे की भावना को मजबूती देने का अवसर है। यह दिन भारत के गौरव, साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट गाथा का प्रतीक है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रीय भावना का संचार कर उन्हें जिम्मेदार और सजग नागरिक बनाना था, जो समाज व राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।
