अम्बाला 20 अगस्त 2025: तनेजा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने साहा ब्लॉक के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, शूटिंग, खो-खो और क्रिकेट जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया और श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किए।
लड़कियों के वर्ग में, अंडर-17 वॉलीबॉल टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अडर19 खो-खो टीम ने भी प्रथम स्थान हासिल किया। शूटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 10 की परी शर्मा (अंडर-19) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। एथलेटिक्स में कक्षा 4 के आहान शर्मा (अंडर-14) ने जिम्नास्टिक में प्रथम स्थान तथा 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 8 की मानवी चौहान (अंडर-14) ने 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया।
लड़कों के वर्ग में, अंडर-19 क्रिकेट टीम ने द्वितीय स्थान, जबकि अंडर-19 वॉलीबॉल टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, अंडर-17 क्रिकेट टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और अंडर-14 क्रिकेट टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इन उल्लेखनीय उपलब्धियों ने उनके परिश्रम, लगन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को साबित किया है। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शालू भसीन ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी तथा उन्हें खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।