
चंडीगढ़, 13 दिसंबर।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के उस ट्वीट पर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने हरियाणा को माफियाओं और गैंगों के हवाले बताया था और सरकार पर हाथ धरे बैठने का आरोप लगाया था। मंत्री अनिल विज ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
शनिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने एक व्यापक अभियान चला रखा है। उन्होंने बताया कि डीजीपी समय-समय पर अपराध नियंत्रण से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक कर रहे हैं और अब तक लगभग पाँच हजार एंटी सोशल एलिमेंट्स को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अनिल विज ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को ये आंकड़े नजर नहीं आते या फिर वह जानबूझकर सरकार की कार्रवाई को नजरअंदाज कर रहे हैं। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि या तो उन्हें ये आंकड़े पढ़ने नहीं आते या फिर वह देखना ही नहीं चाहते कि सरकार किस तरह लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
मंत्री अनिल विज ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में माफिया, गैंगस्टर और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस को पूरी छूट दी गई है और कानून के दायरे में रहते हुए कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
अनिल विज ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तथ्यहीन बयानबाजी से सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्रवाई को देख और समझ रही है और कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
