
अंबाला, (ब्यूरो):
अंबाला कोर्ट कॉम्प्लेक्स के गेट पर गैंगवार के चलते हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात में अंबाला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की CIA-1 टीम ने इस मामले में वांछित दो इनामी आरोपियों को नेपाल बॉर्डर के नजदीक उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर ₹5,000-₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवम और काका के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कुख्यात अमन बॉन्ड गैंग से जुड़े हुए हैं और इनके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी कोर्ट कॉम्प्लेक्स के गेट पर हुई फायरिंग की घटना में सीधे तौर पर शामिल थे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए CIA-1 अंबाला के इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने बताया कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स जैसी संवेदनशील जगह पर फायरिंग की घटना को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया था। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को नेपाल बॉर्डर के नजदीक गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और वारदात की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
