
अंबाला कैंट।22 दिसंबर 2025:
बिजली चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए अंबाला छावनी बिजली विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग द्वारा अप्रैल से नवंबर माह तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिजली चोरी करते पाए गए 241 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। यह कार्रवाई हजारों कनेक्शनों की जांच के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार, अंबाला छावनी बिजली विभाग ने इस अवधि में लगभग 3000 से अधिक बिजली कनेक्शनों की गहन जांच की। जांच के दौरान 241 उपभोक्ता ऐसे पाए गए जो अवैध रूप से बिजली चोरी कर रहे थे। विभाग ने इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। विभाग के नियमों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर ऐसे डिफॉल्टर्स के बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से भी काटे जा सकते हैं।
बिजली विभाग का कहना है कि गर्मी और सर्दी के मौसम में बिजली का अधिक उपयोग होने के कारण कई लोग बिल बचाने के लिए बिजली चोरी का सहारा लेते हैं, जिससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान होता है बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अंबाला छावनी बिजली विभाग के एक्सईएन विकास दीप शर्मा ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर उपभोक्ता पर जुर्माना लगाया जाता है, जबकि दूसरी बार पकड़े जाने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है। यदि इसके बावजूद भी कोई व्यक्ति बिजली चोरी करता पाया जाता है, तो विभाग उसके बिजली कनेक्शन को पूरी तरह बंद करने का अधिकार रखता है।
एक्सईएन ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
