
रेवाड़ी। 26 दिसम्बर 2025: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मेवात एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवाड़ी के बीडीपीओ सौरव उपाध्याय को रंगे हाथ 35 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी बीडीपीओ को उनके कार्यालय में ही ट्रैप लगाकर पकड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई रेवाड़ी ब्लॉक समिति की अध्यक्षा के पति रविंद्र खोला की शिकायत के बाद की गई। शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि बीडीपीओ सौरव उपाध्याय 50 लाख रुपए के विकास कार्यों के बिल पास करवाने की एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की खुली मांग कर रहे थे। इसी सिलसिले में पहली किस्त के रूप में 35 हजार रुपए मांगे गए थे।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिकायत को सत्यापित करने के बाद जाल बिछाया और तय राशि जैसे ही बीडीपीओ ने अपने कार्यालय में ली, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें धर दबोचा। इसके बाद पूरी कार्रवाई को कानूनी औपचारिकताओं के साथ पूरा किया गया।
ब्यूरो अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई है। साथ ही उसके कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है कि इससे पहले किन-किन मामलों में रिश्वत की लेनदेन हुई है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के विकास कार्यों से जुड़े विभागों में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।
