

अम्बाला/चंडीगढ़, 26 दिसम्बर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरू गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस और अटूट आस्था सदैव राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कम आयु में भी साहिबजादों ने अत्याचार के आगे झुकने के बजाय धर्म और सत्य का साथ चुना। छोटे साहिबजादों को दीवार में चुनवाया गया और बड़े साहिबजादे युद्धभूमि में वीरगति को प्राप्त हुए, लेकिन किसी ने भी अत्याचार के सामने समर्पण नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह बलिदान केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि साहस, स्वाभिमान और धार्मिक दृढ़ता का अमर संदेश है, जो हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
अनिल विज ने वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में अम्बाला के जगाधरी रोड स्थित रामपुर सरसेहड़ी मोड़ के निकट आयोजित लंगर सेवा में भी भाग लिया। भाजपा पार्षद जसबीर सिंह तथा अन्य श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए इस लंगर में मंत्री विज ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से लंगर परोसा और सेवा की। इससे पूर्व उन्होंने साहिबजादों की याद में श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता जसबीर जस्सी, सुदर्शन सिंह सहगल, वरिंद्र सिंह, श्याम सुंदर अरोड़ा, आरती सहगल, फकीरचंद सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
