
अम्बाला, 31 दिसंबर 2025।
अम्बाला पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत के कुशल मार्गदर्शन में वर्ष 2025 के दौरान जिला अम्बाला पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में अपराध के मामलों में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में जहां 4943 मामले दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में 4578 मामले दर्ज किए गए, जो कि 365 कम हैं। इसी अवधि के दौरान अम्बाला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 4945 अपराधियों को काबू कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस की सख्त कार्रवाई के दौरान 17 मोस्ट-वांटेड एवं इनामी बदमाशों को पकड़ा गया। हत्या के 27 मामलों में 77 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई तथा 9 ब्लाइंड मर्डर में से 7 वारदातों को सुलझा लिया गया। इसके साथ-साथ हत्या के प्रयास के 36 मामलों में 86 आरोपी गिरफ्तार किए गए। स्नैचिंग, डकैती व रॉबरी के 123 मामलों में 176 अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया, जबकि अवैध हथियार तस्करी के 52 मामलों में 72 आरोपियों से हथियार व कारतूस बरामद किए गए।
साइबर अपराध के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया। 97 मामलों में 126 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹98 लाख 12 हजार 850 रुपये बरामद किए गए। इसी वर्ष पुलिस ने 196 पीओ/बेल जंपर्स को भी गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संगठित अपराध पर निर्णायक चोट पहुंचाने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
इसी क्रम में नशा-तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 149 मामले दर्ज कर 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनमें विशेष रूप से चूरा-पोस्त 1088 किलोग्राम 305 ग्राम, हेरोइन 4 किलो 137 ग्राम 601 मिलीग्राम और अफीम 9 किलो 517 ग्राम 676 मिलीग्राम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में अम्बाला पुलिस ने 26 सक्रिय गैंगों के 73 सदस्यों को पकड़कर 84 वारदातें सुलझाई और 33 लाख 8 हजार 850 रुपये बरामद किए। धोखाधड़ी के 461 मामलों में 638 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा आर्थिक अपराध शाखा ने 42 मामलों में 89 आरोपियों से लगभग 5 करोड़ 18 लाख 68 हजार 800 रुपये बरामद किए।
अवैध शराब, जुआ व सट्टेबाजी के खिलाफ भी पुलिस का अभियान जारी रहा। जुआ अधिनियम के अंतर्गत 188 मामलों में 435 आरोपी काबू किए गए और उनसे 17 लाख 32 हजार 359 रुपये बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 104 मामले दर्ज कर 120 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। साइबर सैल द्वारा आम लोगों के 286 गुमशुदा मोबाइल फोन खोजकर संबंधित मालिकों को सौंपे गए, जिनकी कीमत लगभग 58 लाख 51 हजार रुपये आंकी गई।
इसी बीच पुलिस कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अधिकारियों ने इसे अपने जीवन के अविस्मरणीय क्षण बताते हुए अम्बाला पुलिस का आभार जताया।



नववर्ष-2026 के अवसर पर अम्बाला पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत ने अम्बालावासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए नागरिकों से शांति, कानून-व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिलेभर में सुरक्षा-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। नववर्ष के स्वागत के लिए शहर के मुख्य बाज़ारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, होटल, रेस्तरां, क्लब एवं पार्कों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। लगभग 85 नाके स्थापित कर 900 से अधिक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है।
ड्रिंक-एंड-ड्राइव, हुड़दंगबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विशेष नाके लगाए गए हैं और गश्त बढ़ाई गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे का सेवन न करें, सुरक्षित वाहन चलाएं और किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या नजदीकी थाने से तुरंत संपर्क करें।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान थाना बलदेव नगर पुलिस ने गीतानगरी चौक के पास से अमरीक सिंह निवासी मनमोहन नगर को 08 बोतल देसी अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया, वहीं थाना पड़ाव क्षेत्र में पुलिस ने महाराजा ढाबा के सामने जुआ/सट्टा खेलते हुए अरशद खान को पकड़कर उसके कब्जे से ₹2540 बरामद किए और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई गई।
अम्बाला पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि अपराध, नशा-तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टेबाजी तथा संगठित अपराध के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और जिले में शांति व सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
