
मानवता की मिसाल बने पुलिस जवान, गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर बचाई व्यक्ति की जान
अंबाला छावनी, 03 जनवरी 2026
अंबाला छावनी के कैपिटल चौक पर ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मचारियों ने त्वरित सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण पेश किया। ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक से पीड़ित हुए एक मोटरसाइकिल सवार को पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई।
घटना कल दोपहर लगभग 12:40 बजे की है, जब मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने अचानक अपनी छाती पकड़कर मदद के लिए पुलिस कर्मियों को इशारा किया। मौके पर मौजूद ईएसआई सरवन कुमार (नं. 1335/अंबाला), होमगार्ड अजय कुमार (नं. 256) तथा होमगार्ड मोहित ने तुरंत स्थिति संभाली।
एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय इन जवानों ने मानवता को प्राथमिकता देते हुए पीड़ित व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बैठाकर निकटवर्ती सिविल अस्पताल अंबाला छावनी पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचाने से व्यक्ति की जान बच गई। चिकित्सकों ने बताया कि हार्ट अटैक के मामलों में गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार मिलना अत्यंत आवश्यक होता है, अन्यथा स्थिति जानलेवा हो सकती है।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक अंबाला ने संबंधित कर्मचारियों को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके कर्तव्य-निष्ठा एवं मानवता-भाव की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
एसपी ने कहा कि
“पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन की रक्षा करना भी है। जवानों द्वारा दिखाई गई तत्परता पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।”
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर सहायता प्राप्त करें।
