
अंबाला कैंट | 17 जनवरी 2026
अंबाला कैंट में 18 दिसंबर को सुनार की दुकान में हुई सोना-चांदी की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सदर थाना अंबाला कैंट पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी अंबाला कैंट क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और भीख मांगने व छोटा-मोटा सामान बेचने की आड़ में पहले दुकानों व बाजारों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही ये गिरोह सुनार की दुकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो चांदी बरामद की है, जबकि चोरी किए गए बाकी सोना-चांदी की बरामदगी के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को उस बाजार में भी लेकर पहुंची, जहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।

सदर थाना अंबाला कैंट के SHO सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच में उत्तर प्रदेश की SOG टीम का अहम सहयोग रहा। पुलिस ने 500 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस को पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी उम्मीद है।

