
अम्बाला, 26 जनवरी से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन
अम्बाला जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है, जिसमें बॉम्ब ब्लास्ट का समय दो बजकर 11 मिनट लिखा गया है।
धमकी मिलते ही जिला प्रशासन, अम्बाला पुलिस, बम निरोधक दस्ता, आर्मी की टीम और अन्य जांच एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। संबंधित स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, जिन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें आर्मी एरिया स्थित स्कूल भी शामिल हैं। सुरक्षा कारणों से कई स्कूलों की छुट्टी कर दी गई, वहीं स्कूलों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
DAV स्कूल की प्रिंसिपल सीमा दत्त ने बताया कि सुबह बॉम्ब थ्रेट मिलने के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। साथ ही आम जनता और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
सुरक्षा एजेंसियां धमकी देने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई हैं। गणतंत्र दिवस को लेकर अम्बाला पुलिस और प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरत रहा है ताकि 26 जनवरी का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
