
अंबाला।
अंबाला में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के विभिन्न स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और छात्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अंबाला प्रशासन और पुलिस विभाग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए स्कूल परिसरों की जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनज़र कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई और छात्रों को सुरक्षित घर भेजा गया।
इस पूरे मामले को लेकर अंबाला से सांसद वरुण मुलाना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है।
सांसद वरुण मुलाना ने आरोप लगाते हुए कहा कि बम की धमकी जैसे गंभीर मामले में बम डिस्पोजल टीम के पहुंचने में कई घंटे की देरी हुई, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही बच्चों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ है।
उन्होंने प्रशासन से इस देरी की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा सभी स्कूलों की गहन जांच की जा रही है और धमकी भरे ई-मेल की साइबर जांच भी शुरू कर दी गई है।
