जब नारायणगढ़ और बराड़ा उपमंडल का नाम शामिल, कैंट का क्यों नहीं – हेमंत

अम्बाला | 20 जनवरी 2026
आगामी सोमवार 26 जनवरी 2026 को जब पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस मनाएगा और भारत के संविधान के लागू होने के 76 वर्ष पूरे होंगे, उसी अवसर पर हरियाणा प्रदेश में जिला मुख्यालयों और प्रशासनिक उपमंडलों पर राजकीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए जाने हैं।
प्रदेश सरकार के राजनैतिक एवं संसदीय कार्य विभाग द्वारा 19 जनवरी 2026 को इस संबंध में एक सर्कुलर पत्र जारी किया गया है, जिसमें प्रदेश के 80 प्रशासनिक उपमंडलों में से केवल 56 उपमंडलों की सूची संलग्न की गई है। हैरानी की बात यह है कि इस सूची में अम्बाला जिले के अम्बाला कैंट उपमंडल का नाम स्पष्ट रूप से शामिल नहीं किया गया है।
इस कारण यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि 26 जनवरी 2026 को अम्बाला कैंट में राष्ट्रीय ध्वज कौन फहराएगा। यह चूक भूलवश है या लापरवाही का परिणाम, इसे लेकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हैं।
गत वर्ष भी हुई थी ऐसी ही चूक
गौरतलब है कि 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी की गई सरकारी सूची में भी अम्बाला कैंट उपमंडल का नाम स्पष्ट रूप से शामिल नहीं किया गया था। जबकि अम्बाला कैंट को नवंबर 2016 में विधिवत रूप से उपमंडल घोषित किया गया था और इसके बाद से हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस समारोहों की सरकारी सूचियों में इसका उल्लेख होता रहा है।
हेमंत कुमार की सरकार से सार्वजनिक अपील
अम्बाला निवासी हाईकोर्ट एडवोकेट एवं प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने इस विषय को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार में ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से सार्वजनिक रूप से अपील की है कि
अम्बाला कैंट उपमंडल का नाम सूची में स्पष्ट रूप से शामिल कर संशोधित/शुद्धि पत्र जारी किया जाए।
हेमंत कुमार ने बताया कि मंत्री अनिल विज, जो अम्बाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से सातवीं बार विधायक हैं, इस बार यमुनानगर जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ऐसे में अम्बाला कैंट को सूची से बाहर रखना और भी अधिक सवाल खड़े करता है।
पूर्व वर्षों में हुआ है विधिवत ध्वजारोहण
- 26 जनवरी 2025 को स्वयं कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अम्बाला कैंट उपमंडल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।
- 15 अगस्त 2024 को अम्बाला मंडल की तत्कालीन आयुक्त द्वारा अम्बाला कैंट में ध्वजारोहण किया गया था।
अन्य उपमंडलों के उदाहरण दिए
हेमंत कुमार ने बताया कि
- नारायणगढ़ उपमंडल में इस बार अम्बाला मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा (IAS) ध्वजारोहण करेंगे, जबकि वहां से कांग्रेस विधायक निर्वाचित हैं।
- बराड़ा उपमंडल में एस.डी.एम. सतिंदर सिवाच राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि यह क्षेत्र भी कांग्रेस विधायक का है।
इसके अलावा, अम्बाला लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी को भी प्रदेश में कहीं ध्वजारोहण के लिए नामित नहीं किया गया है।
एस.डी.एम. या स्थानीय जनप्रतिनिधि कर सकते हैं ध्वजारोहण
हेमंत कुमार का कहना है कि जब प्रदेश के कई उपमंडलों में एस.डी.एम., जिला परिषद अध्यक्ष या नगर निगम/नगर परिषद अध्यक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं, तो
अम्बाला कैंट उपमंडल में भी एस.डी.एम. विनेश कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष या नगर परिषद अम्बाला सदर की अध्यक्ष को नामित किया जाना चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि इसके लिए सरकार को शीघ्र स्पष्ट एवं संशोधित आदेश जारी करना चाहिए, ताकि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनी रहे।
