


अंबाला।
अंबाला की अदालत को एक बार फिर ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर गहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
सिटी थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इसके बाद एहतियातन कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग की जा रही है। बम स्क्वॉड की टीम ने कोर्ट के सभी कक्षों, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग एरिया और आसपास के परिसर की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान फिलहाल कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और कर्मचारियों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल देखने को मिला। कई वकीलों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की। वकीलों का कहना है कि इस तरह की धमकियां लगातार मिल रही हैं, ऐसे में किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि धमकी मिलते ही एहतियातन कोर्ट को कुछ समय के लिए खाली करवाया जाना चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
गौरतलब है कि अंबाला में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बीते दिनों अंबाला के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनके चलते स्कूलों को खाली करवाकर जांच की गई थी। लगातार मिल रही इन धमकियों से साफ है कि किसी शरारती तत्व द्वारा प्रशासन और आमजन में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन अब इन धमकियों की गंभीरता से जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और धमकी देने वाले व्यक्ति या गिरोह की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
