



अंबाला।
अंबाला के काली पलटन पुल के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती निकिता की मौत हो गई। आरोप है कि नशे की हालत में गाड़ी चला रहे एक पुलिसकर्मी ने पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरी युवती के ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे का अपडेट: मिली बेल
अंबाला में नशे में पुलिस कर्मचारी द्वारा ई रिक्शा को मारने और 24 वर्षीय निकिता पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में न्यायालय से पुलिस कर्मचारी को मिली बेल, कल देर शाम अंबाला के काली पलटन पुल के नजदीक हुआ था हादसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काली पलटन पुल के नजदीक तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में सवार निकिता सड़क पर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद भी कार चालक नहीं रुका और बेरहमी से युवती के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को पकड़ लिया। लोगों का कहना है कि गाड़ी चला रहा व्यक्ति पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ है और नशे की हालत में था। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इधर, निकिता को गंभीर हालत में अंबाला के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन अस्पताल पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले पर कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। घटना को लेकर शहर में भारी आक्रोश है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

