
वंदे मातरम के सभी छह छंद अनिवार्य करने के फैसले का किया समर्थन, कहा—शहीदों के बलिदान को मिला सच्चा सम्मान
अंबाला/चंडीगढ़, 12 फरवरी।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। पत्रकारों से बातचीत में मंत्री अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी 95वीं बार चुनाव हारने के बाद अपना राजनीतिक संतुलन खो चुके हैं और बिना इतिहास जाने बयानबाजी कर रहे हैं।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि “भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जितना सुरक्षित है, उतना पहले कभी नहीं था।” उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि पहले अपने परिवार का इतिहास पढ़ें, फिर देश की सुरक्षा और कूटनीति पर सवाल उठाएं।
अनिल विज ने कांग्रेस के इतिहास पर निशाना साधते हुए कहा कि “नेहरू जी ने लगभग 40 हजार वर्ग किलोमीटर जमीन चीन को दे दी, जबकि 1971 के युद्ध में इंदिरा गांधी के पास 90 हजार पाकिस्तानी युद्ध बंदी (POW) थे। यदि उस समय इच्छाशक्ति होती, तो उनके बदले पाकिस्तान से पीओके लिया जा सकता था।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत ने पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश को आज़ाद कराया, लेकिन उस ऐतिहासिक जीत के बावजूद कांग्रेस सरकार ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण ‘चिकन नेक’ क्षेत्र से जुड़ी जमीन लेने का अवसर भी गंवा दिया। “एक के बाद एक गलत फैसले लेकर अब कांग्रेस अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना चाहती है,” विज ने कहा।
🇮🇳 वंदे मातरम के छह छंद अनिवार्य होने पर प्रतिक्रिया
केंद्र सरकार द्वारा सभी सरकारी कार्यक्रमों, स्कूलों और महत्वपूर्ण आयोजनों में वंदे मातरम के सभी छह छंद अनिवार्य करने के फैसले पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इसे ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया।
उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम वह गीत है, जिसे गाते हुए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। आज इसे पूरा सम्मान मिला है और शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है।”
एआईएमआईएम नेता द्वारा वंदे मातरम पर किए गए विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री विज ने कहा कि “जब हमारे क्रांतिकारी, देशभक्त और बलिदानी वंदे मातरम गाते थे, तब यह गलत नहीं था, तो आज यह कैसे गलत हो सकता है? देशहित के हर विषय पर औवेसी साहब को आपत्ति ही रहती है।”
✊ भारत बंद पर बयान
ट्रेड यूनियनों द्वारा भारत बंद के आह्वान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि “यह लोकतंत्र है और सभी को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और जनजीवन सुचारू रूप से चल रहा है।”
