

अंबाला।
अंबाला में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक के पलटने से बाइक सवार और थ्री-व्हीलर सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक पलटने से पहले कई वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ा और फिर सर्विस लाइन पर अनियंत्रित होकर पलट गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक तेज रफ्तार और गलत तरीके से वाहन चला रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रक पहले एक वाहन से टकराया, उसके बाद कई अन्य वाहनों को चपेट में लेता हुआ पलट गया। इस दौरान कई वाहन ट्रक के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे में ट्रक के नीचे आने से बाइक और थ्री-व्हीलर सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कार में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ाव थाना के SHO धर्मवीर ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ है। ट्रक पलटने के कारण बाइक और थ्री-व्हीलर उसके नीचे आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ट्रक चालक की लापरवाही और हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की गंभीरता को उजागर करता है।
