
अंबाला छावनी, 1 जनवरी
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के अंबाला छावनी से चुनाव प्रत्याशी सुदर्शन सिंह सहगल ने कहा कि संस्था की पूरी टीम ने पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कार्य किया है। गुरु घरों में आवश्यकतानुसार परियोजनाओं को स्वीकृत्त करके उन्हें अमलीजामा भी पहनाया गया है। कुछ परियोजनाओं पर तो तेजी से कार्य हो रहा है। यह विचार उन्होंने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत संगत से बातचीत करते हुए प्रकट किए। उन्होंने छावनी में पुल चमेली लाल सिंह की दुकान से लेकर सर्राफा व कबाड़ी बाजार में दुकानों पर जा कर अपने लिए वोट मांगे। इस दौरान कार्यकारिणी समिति मैंबर तरविंदरपाल सिंह ने पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए सुदर्शन सिंह सहगल का सम्मान किया। इसके अलावा गुरु नानक मिशन इंटरनैशनल सोसायटी से ज्ञानी करनैल सिंह गरीब व जसबीर सिंह (जस्सी) ने भी सहगल को अपना समर्थन देते हुए चुनाव में जिताने का संकल्प लिया।
चुनाव प्रत्याशी ने हरियाणा कमेटी की उपलबिधयों की जानकारी भी संगत को दी। उन्होंने बताया कि धार्मिक साहित्य प्रकाशित करने के लिए गुरबाणी प्रिटिंग प्रैस श्री गुरु ग्रंथ साहिब शाहपुर भवन का कायाकल्य करने के लिए परियोजना को संस्था ने स्वीकृत्त किया है। इस परियोजना के तहत आधुनिक प्रिटिंग प्रैस लगाने की प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया और जल्द ही से यहां पर संस्था द्वारा जहां धार्मिक साहित्य प्रकाशित करने का कार्य शुरु किया जाएगा, वहीं गुरु घर की अन्य जरुरी सामग्री भी इसी स्थान पर प्रकाशित करवाई जाएगी।
सुदर्शन सिंह सहगल ने कहा कि इस समय कार्य कर रही टीम की सोच बहुत दूरगामी है, जिसके परिणाम स्वरूप इस साल ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब धमतान साहिब में मनाई जाने वाली श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की ३५० साला शहीदी शताबदी की तैयारियां अभी से शुरु कर दी गई है। शताबदी को समर्पित विशाल गुरमत समागम करवाया जाएगा। उनके मुताबिक श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की पवित्र चरण छौह प्राप्त गुरुद्वारा धमतान साहिब जिला जींद में सुशोभित है और इसी ऐतिहासिक स्थल पर गुरु साहिब की शहीदी शताबदी मनाई जाएगी। इसके लिए गुरुद्वारा साहिब में विशाल लंगर हाल बनाया जाएगा, जिसकी कार सेवा हरियाणा कमेटी के सहयोग से संत बाबा अमरीक सिंह पटियाला वालों द्वारा शुरु कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस निर्माण के लिए सामग्री हरियाणा कमेटी द्वारा मुहैया करवाई जाएगी, जबकि इसे बना कर तैयार करने की सेवा बाबा अमरीक सिंह द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही काउंटर कड़ाह प्रसाद और फसल के लिए शैड बनाया जाएगा। संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों के नाम पर सुदर्शन सिंह सहगल ने संगत से अपने पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगत उन्हें फिर से गुरु घर की सेवा का मौका दें, वे भविष्य में भी संगत की उम्मीदों पर खरा उतरेंगी। इस दौरान उनके साथ हरजीत सिंह, तरलोचन सिंह, हरबंस सिंह साहनी, जसबीर सिंह मोखा, हरजीत सिंह रत्ता, दविंदरपाल सिंह, हरजीत सिंह बंगा, जसबीर सिंह भाटिया, गुरप्रीत सिंह भल्ला, जतिंदर सिंह, कुलवंत सिंह, बखशी सिंह, वरिंदर सिंह, नवनीत सिंह बबर, दविंदर सिंह बबर सहित अन्य मौजूद रहे।
