पंजाब पुलिस ने 13 महीने से बंद हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर को खोलना शुरू कर दिया है। यहां आंदोलन कर रहे किसानों को खदेड़ा जा रहा है। बुलडोजर से किसानों के बनाए शेड भी तोड़कर हटाए जा रहे हैं।
वहीं, खनौरी बॉर्डर पर भी भारी पुलिस फोर्स पहुंची है। पंजाब पुलिस ने किसानों को वहां से खुद हटने के लिए कहा है।
इससे पहले शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों और केंद्र सरकार के बीच बुधवार को 7वीं वार्ता बेनतीजा रही।
यह बातचीत सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। इसमें किसान नेता समेत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी शामिल हुए।
बैठक के बाद किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत डल्लेवाल को हिरासत में लिया गया। दोनों नेताओं की अगुआई में ही ये आंदोलन चल रहा है।