
नवरात्रि का सातवां दिन 4 अप्रैल 2025, शुक्रवार को है। इस दिन मां दुर्गा की सातवीं शक्ति मां कालरात्रि की पूजा का विधान है। मान्यता है कि मां कालरात्रि की पूजा करने से बुरी शक्तियां व काल से रक्षा होती है। मां कालरात्रि की उपासना करने के बाद भक्तों को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता है। सप्तम नवरात्र पर आज श्री महाकाली मां दुख भंजनी मंदिर जैन कॉलेज रोड अंबाला शहर में सुबह से ही भक्तों ने कतारों में लगकर मां कालरात्रि का ध्यान करते हुए भगवती के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई। मंदिर के मुख्य पुजारी श्री पंकज शर्मा विशिष्ठ जी ने बताया कि सप्तम नवरात्र पर मां के भक्तों द्वारा अखंड ज्योति समर्पण की जाती हैं जो निरंतर तीन-दिन तक मां के चरणों में प्रकाशमान रहती हैं। आज सुबह की मां आरती में कन्या पूजन किया गया और प्रसाद वितरण किया गया। मां का भव्य श्रृंगार और चोला अर्पण किया गया। कल दिन शनिवार महा अष्टमी के पर्व पर मंदिर परिसर में बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं जिसमें मेहंदी, डांस, ड्राइंग और धार्मिक प्रश्नोत्तरी भी करवाई जा रही है।
