कार सवार बदमाशों ने मारी गोलियां

कार सवार बदमाशों ने हरियाणा के जींद में दो भाइयों की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना रात करीब 2 बजे के की है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों के शव को जींद के सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार निर्जन गांव के रहने वाले 44 वर्षीय सतीश और 50 वर्षीय दिलबाग का गांव के ही कुछ लोगों के साथ सफीदों रोड बाईपास पर सत्यम गैस एजेंसी के गोदाम के निकट ही प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी मामले में रात को 11 बजे के करीब सतीश व दिलबाग के साथ दूसरे पक्ष के आरोपियों से झगड़ा भी हुआ।
रात 2 बजे का मामला
इसके बाद रात 2 बजे गाड़ी में सवार होकर कुछ लोग आए और आते ही सतीश और दिलबाग पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसमें सतीश और दिलबाग दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर सतीश का बेटा मोहित बाहर आया तो दोनों जमीन पर पड़े मिले। मोहित दोनों को जींद के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा।
यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। आज मृतकों के शव का पोस्टमॉर्टम होगा। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।