चंडीगढ़, 6 मई: हरियाणा सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियां की हैं। यह फेरबदल राज्य में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुचारू और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त को बदला गया है और प्रदीप दहिया को नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले इस पद पर स्वप्निल रविंद्र पाटिल कार्यरत थे, जिन्हें अब झज्जर का नया उपायुक्त (DC) बनाया गया है।
इसी क्रम में, धर्मेन्द्र सिंह को रोहतक जिले का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, अमनीत पी. कुमार को नागरिक उड्डयन विभाग का आयुक्त एवं सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार गर्ग को हिसार संभाग का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे विभिन्न जिलों और विभागों में सुशासन को और अधिक प्रभावशाली बनाया जा सकेगा।