

अम्बाला छावनी, 12 मई:
महेश थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात हमलावरों ने पिता-पुत्र पर मिर्ची पाउडर डालकर हमला कर दिया और लूटपाट को अंजाम दिया। हमले में दोनों को चाकू से घायल कर दिया गया। घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए अम्बाला छावनी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक रोनक त्रेहान ने जानकारी दी कि वे अपने पिता संजीव त्रेहान के साथ एक एक्टिवा पर अपने गोदाम से निर्मल विहार स्थित घर लौट रहे थे, तभी चार हमलावरों ने रास्ते में घेरकर उन पर मिर्ची फेंकी और चाकू से हमला कर दिया। हमलावर उनका एक्टिवा स्कूटर भी ले गए, जिसमें नकद राशि भी रखी थी। नकदी की सही जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।

संजीव त्रेहान को चाकू के वार से हाथ पर गहरा घाव आया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लुटेरों ने संभवतः पहले से रेकी कर रखी थी और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।