महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव व डायल-112 ऐप की दी जानकारी
अम्बाला, 20 मई — महिला सुरक्षा को लेकर अम्बाला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे हरियाणा उदय सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत आज थाना अम्बाला सदर क्षेत्र के गांव घेल स्थित कंप्यूटर एवं ब्यूटी पार्लर सेंटर तथा डीएवी हाई स्कूल, अम्बाला छावनी में “पुलिस की पाठशाला” का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में दुर्गाशक्ति टीम, अम्बाला शहर ने छात्राओं, महिलाओं और स्कूल स्टाफ को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा व यातायात नियमों के पालन जैसे विषयों पर जागरूक किया।
दुर्गाशक्ति टीम ने कार्यक्रम के दौरान छात्राओं व महिलाओं को डायल-112 मोबाइल ऐप के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और मौके पर ही ऐप डाउनलोड करवाकर उनका पंजीकरण भी कराया गया। साथ ही ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस के बारे में भी बताया गया, जो विशेष रूप से अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी है।
स्कूल के छोटे बच्चों को गुड टच व बैड टच की अवधारणा को सरल शब्दों में समझाकर उन्हें सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत ने अपने निर्देशों में कहा कि “हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत ‘पुलिस की पाठशाला’ के माध्यम से छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को डायल-112 ऐप, साइबर सुरक्षा, ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस और यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है ताकि वे आत्मनिर्भर और जागरूक बनें।”
इस अवसर पर दुर्गाशक्ति टीम ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करना, महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम करना, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताना तथा आमजन को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करना है।
“पुलिस की पाठशाला” न केवल एक जागरूकता अभियान है, बल्कि यह पुलिस और आमजन के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी भी बन रहा है। यह पहल बताती है कि पुलिस समाज की भलाई के लिए केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा व जागरूकता में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।