
अम्बाला, 27 मई।
अम्बाला जिले की विभिन्न ब्राह्मण सभाओं की एक संयुक्त बैठक हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल रेणुका जी में सम्पन्न हुई। इस बैठक में नारायणगढ़, बलाना और अम्बाला कैंट की ब्राह्मण संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी देते हुए भगवान परशुराम सेवा दल, नारायणगढ़ के प्रधान नरिंदर देव शर्मा ने बताया कि आगामी 30 मई को रोहतक के पहरावर में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव में अम्बाला जिले से ब्राह्मण समाज के साथ-साथ 36 बिरादरी के लोग भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देने का कार्य करेगा।
भगवान परशुराम सेवा समिति, बलाना के प्रतिनिधि रजनीश शर्मा ने बताया कि इस आयोजन की अध्यक्षता हरियाणा सरकार में मंत्री अरविंद शर्मा करेंगे, जिन्होंने समूचे ब्राह्मण समाज को एकजुट होकर इस महोत्सव में सम्मिलित होने का आह्वान किया है। इससे अम्बाला जिले में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
अखिल भारतीय परशुराम ब्राह्मण समाज के प्रधान कपिल शर्मा ने दावा किया कि इस बार का परशुराम जन्मोत्सव ऐतिहासिक होगा और रिकॉर्ड संख्या में लोगों की उपस्थिति रहेगी।
भगवान परशुराम सेवा समिति (रजि. 1069), अम्बाला कैंट के महासचिव सुरिंदर राजू शर्मा ने बताया कि जिले की सभी ब्राह्मण सभाओं के सदस्य अपने-अपने परिवारों सहित रोहतक जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह जन्मोत्सव केवल ब्राह्मण समाज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर बिरादरी इसमें एकजुट होकर भाग लेगी।
बैठक में नरिंदर देव शर्मा, सुरिंदर राजू शर्मा, कपिल शर्मा, रजनीश शर्मा, शशि भनोखेड़ी, राजेश गोल्डी शर्मा, रिंकू शर्मा, मोहित शर्मा, कीर्ति शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।