
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से लगभग 25 वर्ष बाद पुन: प्रारंभ की गई लोकल बस सेवा का अम्बाला निवासियों को मिल रहा भरपूर लाभ
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला में लोकल बस सेवा को लगभग 25 वर्षों बाद पुन: प्रारंभ किया जा सका है। पहले अम्बाला सिटी व छावनी के मध्य नियमित बस सेवा थी, मगर इसे बंद कर दिया गया था। मगर गत वर्ष परिवहन मंत्री बनते ही मंत्री अनिल विज ने लोकल बस सेवा को पुन: शुरू कराया जिसका आज अम्बाला के निवासियों को भरपूर लाभ मिल रहा है।
गौरतलब है कि हरियाणा में पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 650 बसों की सौगात दी जा रही है जिनमें से 150 बसें वातानुकूलित होंगी।
इन रुटों पर चल रही लोकल बस सेवा
परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी से शहर के बीच कई रुटों पर लोकल बस सेवा इस समय चल रही है जिसका जनता को लाभ मिल रहा है। इसमें अम्बाला छावनी कलरहेड़ी से डिफेंस कालोनी, टुंडला, तोपखाना परेड, इंदिरा चौक, छावनी बस स्टैंड से सिटी की ओर बस सेवा चल रही है। इसके अलावा बोह से बब्याल, टांगरी बांध रोड, महेशनगर, सुभाष पार्क, इंदिरा चौक व बस स्टैंड से सिटी रुट पर बस सेवा है। इसी प्रकार शाहपुर, मच्छौंडा से विद्यानगर, नन्हेड़ा, सुभाष पार्क, बस स्टैंड होते हुए सिटी की ओर बस सेवा चल रही है। वहीं लोकल बस सेवा को अब साहा से भी जोड़ा गया है। हजारों यात्री प्रतिदिन बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।
यात्रियों के लिए जल्द बनाए जाएंगे बस क्यू शेल्टर
लोकल बस सेवा का लाभ अधिक से अधिक यात्रियों को मुहैया कराने के लिए परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी में 27 बस क्यू शेल्टर भी बनाए जा रहे हैं। इनको बनाने के लिए स्थान चयनित किए गए हैं। इनके बनने से यात्रियों को बसों का इंतजार करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। आधुनिक क्यू शेल्टर में बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ लाइट व पंखे की व्यवस्था भी होगी।