कैबिनेट मंत्री अनिल विज के प्रयासों से शास्त्री कालोनी के समक्ष आरओबी पर बन रही नई सर्विस लेन
चंडीगढ़/अम्बाला, 08 जून।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि शास्त्री कालोनी के समक्ष जीटी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज पर नई सर्विस लेन बनाने का कार्य नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा शुरू कर दिया गया है। इस सर्विस लेन के बनने से लोकल वाहन चालक बिना जीटी रोड पर चढ़े बिना ही सर्विस लेन के माध्यम से ओवरब्रिज को क्रास सकेंग।
ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने आज इस कार्य को लेकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ चर्चा की तथा कार्य को जल्द पूरा करने के दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे रेलवे कालोनी से आने वाले रास्ते को भी मानकों के अनुसार बनाया जाए।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज पर दिल्ली से अम्बाला छावनी आते समय पड़ाव थाने के समक्ष नई सर्विस लेन का निर्माण किया जाएगा। अभी सर्विस लेन केवल पड़ाव थाने के समक्ष तक है जबकि आगे का रास्ता जीटी रोड पर मर्ज हो जाता है। इस कारण वाहन चालकों को जीटी रोड पर चढ़कर फिर आगे बस स्टैंड की ओर जाना पड़ता है। मगर अब पड़ाव थाने के आगे से नई सर्विस लेन को बनाकर उसे आगे सर्विस लेन के हिस्से से जोड़ा जाएगा। इसी प्रकार अम्बाला छावनी से दिल्ली की ओर जाते समय सर्विस लेन जीटी रोड पर मर्ज होती है। अब इसी सर्विस लेन के आगे नई सर्विस लेन बनाते हुए उसे रेलवे लाइन के ऊपर से आगे शास्त्री कालोनी को जा रही सर्विस लेन से जोड़ा जाएगा। जीटी रोड के दोनों तरफ सर्विस लेन बनने से लोकल वाहन चालक बिना मुख्य जीटी रोड पर चढ़े बिना रेलवे ओवर ब्रिज को क्रास कर सकेंगे।
इस दौरान एनएच के डिप्टी मैनेजर विशाल केसरवानी, साइट इंजीनियर पुलकित के अलावा भाजपा नेता कपिल विज व अन्य मौजूद रहे।
30 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जा रही सर्विस लेन : कैबिनेट मंत्री अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से सर्विस लेन को तैयार किया जा रहा है। सर्विस लेन बनाने के लिए रेलवे ओवर ब्रिज के साथ पाइलिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। हाईवे अथॉरिटी द्वारा इस कार्य को पूरा करने के लिए लगभग डेढ़ वर्ष का लक्ष्य तय किया गया है।
हजारों निवासियों को सर्विस लेन बनने से मिलेगा लाभ : मंत्री अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस सर्विस लेन के बनने से अम्बाला छावनी के हजारों निवासियों को लाभ मिलेगा। वह सीधे सर्विस लेन के माध्यम से रेलवे ओवरब्रिज को क्रास कर पाएंगे। इसके बनने से चंद्रपुरी, रेलवे कालोनी, डीआरएम काम्पलेक्स, सुंदर नगर, मच्छौंडा, शाहपुर, घसीटपुर, सेक्टर निवासियों, विद्या नगर, कुलदीप नगर, नन्हेड़ा, रंगिया मंडी, शास्त्री कालोनी व अन्य कई कालोनियों के निवासियों को लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं शहीद स्मारक आने-जाने के लिए यह सर्विस लेन बहुत लाभप्रद साबित होगी।