
अंबाला, 11 जून:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुज्जर आज अंबाला पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा सरकार की बीते 11 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
मंत्री कृष्णपाल गुज्जर ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल भारत के लिए एक मजबूत नींव रखने का कालखंड रहा है। आज देश तकनीक, तरक्की और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। जहां भाजपा है, वहां सुशासन है।”
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार और घोटाले आम चर्चा का विषय हुआ करते थे, जबकि अब देश विकास और वैश्विक पहचान की दिशा में अग्रसर है। केंद्र सरकार ने बीते वर्षों में आमजन के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिनमें आयुष्मान भारत योजना, महिलाओं के लिए 33% आरक्षण, गरीब कल्याण योजनाएं, और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे पहल प्रमुख हैं।
केंद्रीय मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक मिशन नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और बदलते भारत की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि अब भारत दुनिया में “मेक इन इंडिया” के रूप में भरोसेमंद बन चुका है, जबकि पाकिस्तान जैसे देश इसमें केवल टेस्टर भर रह गए हैं।
डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भरता की बात करते हुए उन्होंने कहा कि पहले भारत रक्षा सामग्री का बड़ा आयातक था, लेकिन अब हम एक्सपोर्ट कर रहे हैं। इसके साथ ही सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस टु टेररिज्म’ भी पूरी सख्ती से लागू की जा रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
