अंबाला, 11 जून (प्रेस प्रतिनिधि)
थाना साहा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सह उपनिरीक्षक नवीन कुमार द्वारा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कर्मबीर सिंह के नेतृत्व में 10 जून 2025 को की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लवजीत सिंह उर्फ जीत निवासी गांव सडोली, गुरजीत सिंह उर्फ बल्ली निवासी गांव नसड़ोली (दोनों थाना पंजोखरा साहिब, जिला अंबाला) और एक महिला आरोपी शामिल है। महिला को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि लवजीत और गुरजीत को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाई जाएगी। यह भी सामने आया है कि इन्हीं आरोपियों के खिलाफ थाना शहजादपुर में भी कबूतरबाजी का मामला दर्ज है।
इस मामले में शिकायत गांव पिलखनी निवासी रामचंद्र ने 16 जनवरी 2025 को थाना साहा में दी थी। शिकायत में बताया गया कि 6 नवम्बर 2024 को लवजीत, गुरजीत, महिला आरोपी व अन्य ने उसे और उसके पुत्र को विदेश भेजने के नाम पर एक बड़ी रकम हड़प ली थी।
पुलिस की यह कार्रवाई जिले में सक्रिय कबूतरबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अंबाला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे विदेश जाने की चाह में किसी भी एजेंट या व्यक्ति को बिना सत्यापन के पैसे न दें और किसी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।