जॉर्डन भेजने के नाम पर ₹3.5 लाख की ठगी और दिल्ली एयरपोर्ट से युवती गायब होने का मामला, एसपी को जांच के आदेश


चंडीगढ़/अम्बाला, 08 अगस्त – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अम्बाला छावनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसने अपने बेटे को जॉर्डन भेजने के लिए चंडीगढ़ स्थित एक एजेंट को लगभग साढ़े तीन लाख रुपये दिए, लेकिन न तो विदेश भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए। इस पर मंत्री ने एसपी को मामले की जांच कर केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसी तरह अम्बाला के एक परिवार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी कुरुक्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। विवाह के बाद दंपत्ति कनाडा चले गए, लेकिन एक माह बाद दामाद बेटी को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट आया और तब से बेटी लापता है। इस मामले में भी विज ने एसपी को जांच के आदेश दिए।
इसके अलावा डिफेंस कॉलोनी से आई महिलाओं ने सीवरेज सफाई की मांग उठाई, जिस पर विज ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए। एकता विहार निवासी महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस जवान की बहाली, बिजली कनेक्शन, घर से निकाले जाने जैसी अन्य शिकायतों पर भी विज ने सख्त रुख दिखाते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
