

अंबाला। 24 दिसम्बर 2025: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता मंगलवार को सड़कों पर उतर आए। शहर के पॉलीटेक्निक चौक पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश का पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार से इस मुद्दे के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विहिप सदस्यों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह स्थिति जारी रही तो वे सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने अंबाला प्रशासन से मांग की कि अंबाला में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की जाए और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

इस मौके पर विहिप के सदस्य मोहित ने कहा कि हिंदुओं की सुरक्षा सर्वोपरी है और समाज को इसके लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह इस विषय पर ठोस कदम उठाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने सभी हिंदू संगठनों और समाज के लोगों से एकता बनाए रखने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर निगरानी रखी गई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
