गर्म वस्त्र वितरित किए, बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया; कार्यक्रम मीतू कालड़ा के सहयोग से आयोजित



अंबाला सिटी, 31 दिसंबर
अंबाला सिटी स्थित चाइल्ड जुवेनाइल होम में मानव अधिकार परिषद (भारत) की ओर से नववर्ष के स्वागत को लेकर एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत के आदेशानुसार तथा राष्ट्रीय सचिव उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व बिजनेस सेल की सदस्य श्रीमती मीतू कालड़ा ने किया, जबकि राज्य अध्यक्षा श्रीमती निकेश गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ नववर्ष मनाया गया और उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने, गलतियों को सुधारने तथा बेहतर इंसान बनने का संदेश दिया गया। सर्द मौसम को देखते हुए बच्चों को गर्म टोपी, जुराबें तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरण की गई। बच्चों के चेहरों पर खुशी स्पष्ट झलक रही थी।
टीम सदस्यों ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें सुधारकर सही दिशा में बढ़ना ही सच्ची सफलता है। इस अवसर पर बच्चों ने भी अपनी भावनाएं साझा कीं और कहा कि गलत संगत व नशे की लत कम उम्र में उन्हें भटका देती है, इसलिए माता-पिता की सीख और अनुशासन को अपनाना चाहिए। बच्चों ने यह भी कहा कि माता-पिता की डांट भी उनके भले के लिए होती है।
कार्यक्रम के दौरान सुपरीटेंडेंट धर्मपाल को संस्था की ओर से प्रभु का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। समापन पर सभी बच्चों को जीवन में सकारात्मकता, अनुशासन व परिवार के सम्मान का संदेश दिया गया। ह्यूमन राइट्स काउंसिल की इस पहल की उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य सदस्य
वाइस प्रेसिडेंट मीर अखिरा, वाइस प्रेसिडेंट राजकुमार पूरी, शिवाली, मीतू कालड़ा, सीमा मेहता, प्रथम पूरी, राखी शर्मा, जनरल सेक्रेटरी सरला, पूनम मित्तल, विद्या, ईशान कालड़ा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
