
अंबाला, 05 जनवरी अंबाला की CIA-2 ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एयरफोर्स स्टेशन से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं दुश्मन देश को भेजने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला के संपर्क में आया और कथित तौर पर हनीट्रैप के जाल में फंसने के बाद संवेदनशील सूचनाएं साझा करने लगा।
आरोपी की पहचान साहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सबका निवासी सुनील के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह एयरफोर्स स्टेशन में कार्यरत एक ठेकेदार का सहयोगी था और 2020 से उसका वहां आना-जाना रहता था।
डीएसपी क्राइम वीरेंद्र ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान बहकावे में आ गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस पूरे मामले में अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।
जांच एजेंसियों को इस प्रकरण में और भी महत्वपूर्ण खुलासों की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोप साबित होना अभी शेष है।

