आरोपी ने खुद बनाई वीडियो, सिलेंडर मिलने से बढ़ी गंभीरता


अंबाला, 12 जनवरी 2026 :
अंबाला के बलदेवनगर थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक संदिग्ध व्यक्ति थाने के अंदर गाड़ी खड़ी कर उसमें आग लगाकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने इस पूरी घटना की खुद वीडियो बनाई, जिसके बाद यह मामला अंबाला पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
क्या-क्या सामने आया अब तक
- थाना परिसर में खड़ी गाड़ी में लगाई गई आग
- गाड़ी के अंदर सिलेंडर बरामद
- आरोपी ने घटना की खुद वीडियो बनाई
- गाड़ी दिल्ली नंबर की, कई बार हो चुकी है सेल
- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की कोशिश
- बम स्क्वायड व जांच एजेंसियां सक्रिय
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दिल्ली नंबर की एक गाड़ी लेकर थाने परिसर में दाखिल हुआ। गाड़ी में सिलेंडर रखे हुए थे। आरोपी ने पहले थाने और गाड़ी की वीडियो रिकॉर्ड की और इसके बाद वाहन में आग लगा दी। कुछ ही देर में गाड़ी से धुआं निकलने लगा, जिसे देख थाना परिसर में मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा या विस्फोट नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बम स्क्वायड और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान गाड़ी के अंदर सिलेंडर पाए गए, जिससे मामले को गंभीर मानते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अंबाला के एएसपी उत्तम ने बताया कि गाड़ी दिल्ली नंबर की है और यह कई बार बिक चुकी है, इसलिए फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वाहन किसके कब्जे में था। उन्होंने बताया कि थाना परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है, जिनके माध्यम से आरोपी की पहचान की जा रही है। सुरक्षा कारणों के चलते सीसीटीवी फुटेज मीडिया से साझा नहीं की गई है।
इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह केवल आगजनी का मामला था या फिर बलदेवनगर थाने को निशाना बनाकर किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की कोशिश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां हर पहलू की गहनता से जांच कर रही हैं।
उत्तम, एएसपी अंबाला:
“बलदेवनगर थाने में गाड़ी में आग लगने की सूचना के बाद बम स्क्वायड टीम द्वारा जांच की गई, जिसमें गाड़ी में सिलेंडर पाए गए हैं। गाड़ी दिल्ली नंबर की है और इसकी मालिकाना स्थिति की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।”
