
चंडीगढ़/अम्बाला, 17 जनवरी।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने महाराष्ट्र में बीएमसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास आधारित राजनीति का परिणाम बताया है। शिवसेना नेता संजय राउत के बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश की जनता अब झूठे वायदों की राजनीति को नकार चुकी है और विकास को प्राथमिकता दे रही है।
श्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा, दिल्ली और बिहार के विधानसभा चुनावों में भाजपा को स्पष्ट जनादेश मिला है और अब बीएमसी चुनाव में भी भाजपा की जीत इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां-वहां विपक्षी दलों के चुनावी कार्यालय बंद होते चले जाएंगे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हरिद्वार पोस्टर विवाद पर प्रतिक्रिया
हरिद्वार में हर की पौड़ी पर लगाए गए विवादित पोस्टरों के मामले में प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है, जो पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार सदियों से आस्था का केंद्र रहा है और आस्था के केंद्र पर किसी भी व्यक्ति को जाने से नहीं रोका जा सकता। इस प्रकार की घटनाएं समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला
आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब में भाजपा मंत्री पर एफआईआर और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी मार्लेना के लापता पोस्टर लगाए जाने पर मंत्री अनिल विज ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब एक “लापता पार्टी” बन चुकी है, जो लोगों की भावनाओं से खेलकर खुद छिप जाती है।
श्री विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी में सच्चाई का सामना करने की हिम्मत नहीं है। यह पार्टी जानबूझकर लोगों की भावनाओं को भड़काकर समाज में आपसी द्वंद्व पैदा करने का काम करती है। उन्होंने मांग की कि आम आदमी पार्टी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और इस प्रकार की बेअदबी करने वालों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
