
अम्बाला/कुरुक्षेत्र।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी के हरियाणा आगमन पर तीखा हमला बोला है। विज ने कहा कि राहुल गांधी की “एक्सपर्टीज़” से पूरा देश परिचित है—वे अब तक कितने चुनाव अपनी ही पार्टी को हरवा चुके हैं। ऐसे में वे कुरुक्षेत्र में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग देने आए हैं। विज ने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि इससे भाजपा का कोई सरोकार नहीं है।
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अनिल विज ने कहा कि देश की सभी राजनीतिक पार्टियों में भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां नीचे से लेकर ऊपर तक लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव होते हैं। सबसे पहले बूथ कमेटी बनती है, फिर वार्ड, जिला, प्रदेश और अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है। उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अन्य पार्टियों में खानदानी और पारिवारिक व्यवस्था चलती है, जहां पहले से ही प्रधान तय होता है और ऊपर से नीचे तक पद बांटे जाते हैं, जैसे किसी एजेंसी का वितरण किया जा रहा हो।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि दिग्विजय सिंह सो-सोकर जागते हैं और नींद में ही कुछ न कुछ बोलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस ने हमेशा हिंदुओं को मजबूत करने और राष्ट्रभक्ति व देशभक्ति की भावना को बढ़ाने का कार्य किया है। यही कारण है कि किसी भी आपदा के समय स्वयंसेवक सबसे पहले मदद के लिए खड़े नजर आते हैं।
वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के ट्वीट पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि किसी का भी जायज हक छीना नहीं जा सकता। बीपीएल का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलता है जिनकी आय निर्धारित सीमा के भीतर है। विज ने कहा कि सुरजेवाला को केवल राजनीति करनी आती है, उन्हें आम जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।
