


परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप, डॉक्टर बोले— अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
अंबाला।
अंबाला शहर के सेक्टर-8 में निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान हरी लाल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने नागरिक अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया, जिसके चलते अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार काम के दौरान मजदूर को अचानक दौरा पड़ा, जिससे वह छत से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अंबाला के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि जब मजदूर को अस्पताल लाया गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिस कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका।


हंगामे की सूचना मिलने पर सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि मजदूर को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
